सिलीगुड़ी: महाराजा अग्रसेन अस्पताल की प्रबंधन व्यवस्था और आर्थिक पारदर्शिता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं भी सवालों के घेरे में हैं।अस्पताल में ओपीडी की व्यवस्था, कर्मचारियों का व्यवहार, कमरों और बाथरूम की स्थिति से लेकर मेडिकल स्टोर और शिकायत निवारण प्रणाली तक पर नाराजगी सामने आ रही है। शिक्षक एवं चाय व्यवसायी हरेंद्र लोहिया और समाजसेवी निर्मल कुमार अग्रवाल ने अस्पताल की मौजूदा व्यवस्था पर असंतोष जताया है। हरेन्द्र लोहिया ने बताया कि कुछ दिन पहले वह अपने एक मरीज को लेकर अस्पताल गए थे। उनके अनुसार, ओपीडी में टोकन लेने के बाद उन्हें गेट बदलने के लिए कहा गया, लेकिन संबंधित काउंटर और चेंबर में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। जबकि डिस्प्ले बोर्ड चालू था। उन्होंने अस्पताल में कर्मचारियों की कमी और प्रशिक्षित कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि मरीजों और परिजनों को कई बार सही जानकारी नहीं मिलती।मेडिकल स्टोर की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अस्पताल के मेडिकल स्टोर में 10 प्रतिशत छूट दी जाती है, जबकि बाहर से दवाइयां खरीदने पर 20 प्रतिशत तक छूट मिलने की बात सामने आती है। वहीं, ब्लड उपलब्ध कराने के लिए निर्धारित कीमत से चार गुना तक राशि वसूले जाने का आरोप भी उन्होंने लगाया। दूसरी ओर, निर्मल कुमार अग्रवाल ने अस्पताल के सूट रूम, बाथरूम और इंजेक्शन लगाने की व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि मरीजों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं और कई बार जरूरी सामान भी बाहर से लाने को कहा जाता है।
शिकायत के लिए संपर्क कहां करें?
हरेन्द्र लोहिया के अनुसार, उन्होंने अस्पताल के चेयरमैन से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन आठ दिन बीतने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला।अस्पताल की वेबसाइट पर ओपीडी का ईमेल तो उपलब्ध है, लेकिन चेयरमैन, सचिव और अन्य ट्रस्टियों के आधिकारिक ईमेल पते नहीं दिए गए हैं। आरोप है कि यह चैरिटेबल टट्रस्ट अस्पताल नहीं बल्कि प्रॉफिटेबल ऑर्गेनाइजेशन बन गया है।प्रॉफिट पर ज्यादा फोकस किया जा रहा है। उन्होंने ट्रस्टीशिप के लिए पांच लाख रुपये की राशि में 50 हजार ऑनलाइन और साढ़े चार लाख नकद दिए जाने का दावा करते हुए भी पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। गौरतलब है कि हरेंद्र लोहिया ने अस्पताल की मौजूदा कार्यप्रणाली को लेकर मुख्यमंत्री से भी शिकायत की है।अब सवाल है कि अस्पताल प्रबंधन इन शिकायतों पर कब संज्ञान लेगा और मरीजों के लिए पारदर्शी शिकायत निवारण व्यवस्था कब तैयार होगी? इस बाबत अस्पताल के चेयरमैन नीरज चौधरी से संपर्क करने कोशिश की गई लेकिन नहीं हो पाई। वहीं अस्पताल के मीडिया प्रभारी दीपक गर्ग ने कहा कि बाहर जो बातें चल रही है, वह महज अपवाह है, जिन्हें व्यवस्था से दिक्कत है वह अस्पताल आकर संपर्क करें।