सिलीगुड़ी

लॉटरी विक्रेता का बैग उड़ाया, डेढ़ लाख रुपये लेकर फरार

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी

राजगंज के अंबाड़ी बाजार में मंगलवार रात एक लॉटरी टिकट विक्रेता का बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। बैग में करीब डेढ़ लाख रुपये रखे थे। घटना के बाद बाजार इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित विक्रेता की पहचान सुजीत सरकार के रूप में हुई है। भोरर आलो थाना की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, सुजीत मंगलवार रात दिनभर का कारोबार समेटकर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने लॉटरी टिकटों की बिक्री से प्राप्त रकम और पुरस्कार भुगतान के लिए रखे रुपये एक बैग में रखकर अपनी साइकिल पर रखा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास पहुंचा और मोबाइल फोन पर एक तस्वीर दिखाकर पूछा कि क्या वह उसमें दिख रहे व्यक्ति को पहचानते हैं।

सुजीत का ध्यान मोबाइल पर तस्वीर देखने में लगा था। इसी बीच उक्त व्यक्ति उनकी साइकिल से बैग उठाकर फरार हो गया। जब तक सुजीत कुछ समझ पाते, वह मौके से गायब हो चुका था। सुजीत के भाई सुकुमार सरकार के अनुसार, बैग में दिनभर की बिक्री की रकम और लॉटरी के पुरस्कार भुगतान के लिए रखे करीब डेढ़ लाख रुपये थे।

घटना के बाद आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की गई और भोरर आलो थाना को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

SCROLL FOR NEXT