सिलीगुड़ी

खोया हुआ पर्स मालिक को लौटाया, माटीगाड़ा पुलिस की पहल

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी : ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की एक मिसाल पेश करते हुए एक महिला ने सड़क पर मिले पर्स को माटीगाड़ा थाने में जमा कराया। वहीं, माटीगाड़ा पुलिस की तत्परता से पर्स उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित पहुंच गया। पुलिस की इस पहल से न केवल एक व्यक्ति को उसके जरूरी दस्तावेज वापस मिले, बल्कि सामुदायिक पुलिसिंग की सकारात्मक तस्वीर भी सामने आई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को भारती अधिकारी नामक महिला स्वयं माटीगाड़ा थाने पहुंचीं और एक पर्स पुलिस के हवाले किया। पर्स में वोटर आईडी कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड समेत कई महत्वपूर्ण व्यक्तिगत दस्तावेज और कुछ नकदी मौजूद थी। पर्स में रखे दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने उसके वास्तविक मालिक का पता लगाने की पहल की और उनसे संपर्क किया।

इसके बाद 9 नवंबर को नक्सलबाड़ी निवासी विकास छेत्री माटीगाड़ा थाने पहुंचे और पर्स पर अपना दावा पेश किया। पुलिस ने आवश्यक दस्तावेजों और पहचान का सत्यापन करने के बाद पर्स में मौजूद सभी सामान और नकदी सुरक्षित रूप से उन्हें सौंप दिए।

सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस ने इस घटना के माध्यम से ईमानदारी और नागरिक जिम्मेदारी के महत्व को रेखांकित किया है। वहीं, समय पर पर्स जमा कराने वाली भारती अधिकारी की पहल भी सराहनीय रही।

SCROLL FOR NEXT