कार्यक्रम में उपस्थित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी 
सिलीगुड़ी

हिंदी दिवस पर ‘कर-संगम’ पत्रिका का विमोचन

Gayetri Yadav

हिंदी दिवस पर ‘कर-संगम’ पत्रिका का विमोचन

सन्मार्ग संवाददाता, सिलीगुड़ी: हिंदी दिवस के अवसर पर उत्तर बंगाल एवं सिक्किम क्षेत्र, आयकर विभाग की वार्षिक राजभाषा पत्रिका ‘कर-संगम’ के प्रथम अंक का भव्य विमोचन किया गया। माटीगाड़ा स्थित आयकर भवन के सृजन सभागार में आयोजित समारोह में प्रधान आयकर आयुक्त, सिलीगुड़ी राजीव कुमार ने पत्रिका का विमोचन किया। इसी के साथ हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ भी हुआ। समारोह में विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने काव्य पाठ किया। राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त हास्य-व्यंग्य कवि करण सिंह जैन के अलावा राजेश गुप्ता और प्रतिमा जोशी ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। काव्य पाठ ने समारोह को साहित्यिक रंग से भर दिया। पत्रिका के मुख्य संपादक आयकर अधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि महज सात दिनों के अथक प्रयास से ‘कर-संगम’ के प्रथम अंक को तैयार किया गया है। इसमें आयकर विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की कविता, कहानी, लेख और संस्मरण के साथ उनके चित्र व छायाचित्र भी प्रकाशित किए गए हैं। इसके अलावा विभागीय गतिविधियों, भारत में कर प्रणाली के विकास तथा उत्तर बंगाल-सिक्किम क्षेत्र में आयकर विभाग की संरचना को भी स्थान दिया गया है। पत्रिका में उत्तर बंगाल के चाय बागानों और पहाड़ी संस्कृति की झलक भी देखने को मिलती है। अपने संबोधन में प्रधान आयकर आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि ‘कर-संगम’ केवल एक पत्रिका नहीं, बल्कि पर्वत से मैदान तक फैले क्षेत्र की सांस्कृतिक एकता और राजभाषा हिंदी के प्रति निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने संपादक मंडल को पत्रिका के प्रकाशन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित हुए ।

SCROLL FOR NEXT