लोगों की समस्या सुनते पर्यटन मंत्री एवं सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष  
सिलीगुड़ी

सरासरी शंकर जनसंपर्क शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़

सिलीगुड़ी: आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से रविवार को सिलीगुड़ी के एसएफ रोड स्थित हिंदी हाई स्कूल में चौथी बार 'सरासरी शंकर' जनसंपर्क शिविर का आयोजन किया गया। सुबह से ही शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर शिविर में पहुंचे। शिविर में निर्मल साथी और निर्मल मित्र के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने वेतन वृद्धि, समय पर वेतन भुगतान, बीमारी के दौरान बेहतर चिकित्सा सुविधा सहित कई मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। इसके अलावा जमीन संबंधी विवाद, कानूनी मामलों और विभिन्न सरकारी सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को भेजने की व्यवस्था की गई। कानूनी मामलों के त्वरित समाधान के लिए पुलिस प्रशासन के प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। शिविर के समापन पर पर्यटन मंत्री एवं सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने कहा कि पिछले तीन जनसंपर्क शिविरों में प्राप्त कई शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस बार भी हर शिकायत की जांच कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। शंकर घोष ने बताया कि सबसे अधिक शिकायतें जमीन संबंधी मामलों की आई हैं, जिनके कानूनी पहलुओं की समीक्षा कर स्थायी समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT