सिलीगुड़ी

लाचुंग में आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल, कई एजेंसियों की तैयारियों का लिया जायजा

Abhijit Dey

लाचुंग : आपदा के दौरान विभिन्न एजेंसियों की तैयारियों, आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करने के उद्देश्य से सोमवार को लाचुंग स्थित होटल यशश्री में आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसका संचालन चुंगथांग के उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) अरुण छेत्री की निगरानी में किया गया।

मॉक ड्रिल में चुंगथांग के एसडीपीओ चंदन छेत्री, 327 फील्ड अस्पताल के कमांडिंग ऑफिसर अब्राहम लालछाना सहित राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन विभाग, लाचुंग पुलिस थाना तथा चुंगथांग उपमंडल की आपदा प्रबंधन टीम के कर्मियों ने भाग लिया।

अभ्यास का मुख्य उद्देश्य विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत करना, आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र का मूल्यांकन करना तथा आपदा की स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं से संबंधित टीमों को परिचित कराना था। इसके माध्यम से बचाव, निकासी और आपातकालीन राहत अभियानों को संचालित करने के लिए संबंधित एजेंसियों की तैयारियों का भी आकलन किया गया।

मॉक ड्रिल में विशेष रूप से आपदा के दौरान समय पर कार्रवाई, प्रभावी समन्वय और पूर्व तैयारियों के महत्व पर जोर दिया गया। लाचुंग जैसे संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्र में इस प्रकार के अभ्यास को जनजीवन और संपत्ति के नुकसान को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया।यह जानकारी चुंगथांग उपमंडलाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।

SCROLL FOR NEXT