कर्सियांग: आगामी नगरपालिका चुनाव को लेकर इंडियन गोर्खा जनशक्ति फ्रंट (आईजीजेएफ) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पार्टी कार्यालय में केंद्रीय कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष नर्बु छिरिंग भूटिया की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें चुनावी रणनीति पर चर्चा के बाद नौ सदस्यीय कमेटी गठित की गई, जिसका नेतृत्व दया देवान करेंगे। नर्बु छिरिंग भूटिया और अधिवक्ता बंधना राय को मुख्य सलाहकार बनाया गया है।
केंद्रीय नेता एनबी खवास ने बताया कि पार्टी कर्सियांग को सुव्यवस्थित, सुंदर और नागरिकों के अनुकूल ‘हैप्पी टाउन’ बनाना चाहती है। ट्रैफिक जाम, पैदल यात्रियों की समस्याओं और युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के अवसर सृजित करना पार्टी की प्राथमिकता होगी। उन्होंने पूर्व नगरपालिका नेतृत्व पर विकास कार्यों के लिए आवंटित धनराशि का समुचित उपयोग नहीं करने का आरोप लगाया।
खवास ने बताया कि कालिम्पोंग नगरपालिका चुनाव के लिए भी त्रिवन राय के नेतृत्व में सात सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। उन्होंने कर्सियांग के विकास और पारदर्शी नगरपालिका व्यवस्था के लिए लोगों से आईजीजेएफ का समर्थन करने की अपील की।