गंगटोक : कर्नाटक के वरिष्ठ पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को लोकभवन में सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर से शिष्टाचार भेंट की। यह दौरा भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तत्वावधान में पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) द्वारा आयोजित मीडिया अंतर-राज्यीय अध्ययन यात्रा के तहत किया गया। इस अवसर पर सिक्किम के लोकसभा सांसद डॉ. इंद्र हांग सुब्बा भी उपस्थित हुए । प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पीआईबी के सहायक निदेशक मधु एम. ने किया। सिक्किम की ओर से मानस प्रतिम शर्मा उपस्थित थे । मुलाकात के दौरान सिक्किम के विकास, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन, महिला सशक्तीकरण और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने सिक्किम सरकार की जनहितकारी पहलों का उल्लेख करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता और देश के पहले पूर्ण जैविक राज्य के रूप में इसकी उपलब्धि पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और नीति-निर्धारण में उनकी भागीदारी बढ़ाने के प्रयासों की भी जानकारी दी।
उन्होंने सिक्किम में इको-टूरिज्म और पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों के विकास की संभावनाओं पर भी चर्चा की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित वाइब्रेंट विलेज योजना के माध्यम से सीमावर्ती गांवों में बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं के विकास पर विचार-विमर्श हुआ। राज्यपाल ने सिक्किम की सुव्यवस्थित और अनुशासित यातायात व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे अन्य राज्यों के लिए अनुकरणीय बताया। लोकसभा सांसद डॉ. इंद्र हांग सुब्बा ने प्रतिनिधिमंडल को कनेक्टिविटी से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सिक्किम के विकास और राज्य की भौगोलिक चुनौतियों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने राज्यपाल के लंबे सार्वजनिक जीवन के अनुभव को सिक्किम के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उनके मार्गदर्शन से राज्य के विकास को नई दिशा मिलने की बात कही।
लोकसभा सांसद डॉ. इंद्र हांग सुब्बा ने कनेक्टिविटी से संबंधित मुद्दों पर प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सिक्किम के विकास तथा राज्य की भौगोलिक चुनौतियों से जुड़े विषयों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने राज्यपाल के लंबे सार्वजनिक जीवन के अनुभव को सिक्किम के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से राज्य विकास के नए आयाम की ओर बढ़ रहा है।
इस दौरान पत्रकारों ने सिक्किम की विकास योजनाओं, भौगोलिक चुनौतियों और भविष्य की विकास रणनीति से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका राज्यपाल ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया।