सिलीगुड़ी : शहर की पार्किंग और जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कांचनजंघा स्टेडियम परिसर के मेला ग्राउंड में अब स्थायी पार्किंग लॉट विकसित किया जाएगा। करीब 1.65 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस प्रोजेक्ट का गुरुवार को पर्यटन मंत्री एवं सिलीगुड़ी विधायक डॉ. शंकर घोष ने शिलान्यास किया।मंत्री ने बताया कि विधान मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से पार्किंग की समस्या बनी हुई है। इसी के समाधान के लिए यह व्यवस्था विकसित की जा रही है। पार्किंग क्षेत्र में जरूरी आधारभूत सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। पूजा से पहले पार्किंग व्यवस्था का बड़ा हिस्सा चालू करने का लक्ष्य है, जबकि परियोजना को 15 अक्टूबर तक पूरा करने की योजना है।
मंत्री ने बताया कि शहर में बड़े वोल्वो बसों के प्रवेश को नियंत्रित करने की तैयारी भी चल रही है। करीब 3.5 करोड़ रुपये की परियोजना का वर्क ऑर्डर जारी हो चुका है और 28 सितंबर को इसका उद्घाटन प्रस्तावित है।उन्होंने कहा कि पूजा के बाद शहर में मेलों के लिए स्थान चिह्नित किए जाएंगे। कावाखाली स्थित विश्व बांग्ला शिल्पी हाट के इस्तेमाल पर भी विचार किया जा रहा है।