कलिम्पोंग : स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सोच और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से रविवार सुबह कलिम्पोंग ट्रेल रन का आयोजन किया गया। सुबह 6 बजे डंबर चौक से शुरू हुई इस दौड़ में 360 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में कलिम्पोंग के विधायक भरत कुमार छेत्री, भाजपा दार्जिलिंग जिला महासचिव सोंगडेन लेप्चा, एडीएम सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। विधायक ने भी आयोजन में भाग लिया और इसे केवल खेलकूद कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज, स्वच्छ पर्यावरण, अनुशासित युवाओं और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला प्रयास बताया।
विधायक भरत छेत्री ने कहा कि कलिम्पोंग की पहचान केवल विकासात्मक बुनियादी ढांचे से ही नहीं, बल्कि स्वस्थ नागरिकों, स्वच्छ वातावरण, आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता से भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक बदलाव के लिए सरकारी प्रयासों के साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने लोगों से छोटी-छोटी सकारात्मक पहल करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास बड़े सामाजिक परिवर्तन का आधार बन सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी से एकजुट होकर स्वस्थ, स्वच्छ, सभ्य और सुंदर कलिम्पोंग के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।