कालिम्पोंग : कालिम्पोंग हाट बाजार में कचरा प्रबंधन की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। व्यापारियों का आरोप है कि तिहार के बाद से नगर पालिका की ओर से बाजार में जमा कचरे की नियमित सफाई नहीं कराई जा रही है। इसके कारण बाजार में जगह-जगह कचरे का ढेर लग गया है और दुर्गंध से व्यापारियों एवं ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हाट बाजार व्यापारी संघ के सदस्यों का कहना है कि कचरा जमा होने के कारण कई व्यापारी अपनी दुकानें तक नहीं लगा पा रहे हैं। व्यापारियों ने बाजार में बनाए गए कचरा डंपिंग स्थल को तत्काल हटाने और नियमित रूप से कचरा उठाने की व्यवस्था करने की मांग की है।
व्यापारियों ने नगर पालिका प्रशासन और संबंधित विभागों पर समस्या के प्रति गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कचरे की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इसके तहत सब-डिविजनल ऑफिसर (एसडीओ) कार्यालय और नगर पालिका कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
अब देखना यह है कि नगर पालिका प्रशासन व्यापारियों की इस शिकायत पर कब तक कार्रवाई करता है।