कालिम्पोंग : बाल आवाज़ परिवार और कालिम्पोंग साइंस सेंटर के संयुक्त आयोजन में चल रहे ‘कालिमपोंग गॉट टैलेंट’ के क्वार्टर-फाइनल राउंड का आयोजन कालिम्पोंग साइंस सेंटर के ऑडिटोरियम हॉल में सफलतापूर्वक किया गया। प्रतियोगिता में कालिमपोंग के विभिन्न क्षेत्रों से ऑडिशन राउंड के जरिए चयनित प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने लोअर एचे, 16 माइल, सैमसंग डुआर्स, हैप्पी विला, चंद्रलोक, लोअर बोंग बस्ती, ढोंग दारा, ढोकी दारा, 7 माइल और 6 माइल सहित विभिन्न इलाकों का प्रतिनिधित्व किया। क्वार्टर-फाइनल के दौरान डांस कैटेगरी में बिंदु लकंद्री और निडेनला लेपचा ने मुख्य निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं संगीत कैटेगरी के लिए टांका बराइली और सिका रानपहेली निर्णायक मंडल में शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान कालिम्पोंग के लोअर डुंगरा निवासी संगीतकार दिनेश सुब्बा ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने नेपाली गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी जीवंत हो गया। इस अवसर पर कालिम्पोंग साइंस सेंटर के क्यूरेटर डॉ. बी. बी. गुरुंग ने कहा कि सेंटर भविष्य में भी विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए अलग-अलग संगठनों के साथ मिलकर कार्य करता रहेगा। उन्होंने कला, विज्ञान और इनोवेशन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के अगले चरण की जानकारी देते हुए बाल आवाज़ परिवार के संस्थापक एवं अध्यक्ष सिबु छेत्री ने बताया कि क्वार्टर-फाइनल में चयनित प्रतिभागी अब सेमी-फाइनल में प्रवेश करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन चयनित बच्चों को आगे की प्रतियोगिता के लिए आवश्यक सहयोग और हरसंभव सहायता प्रदान करेगा।