लीची खरीदते ग्राहक  
सिलीगुड़ी

जमाई षष्ठी से पहले कालियागंज की लीची हुई महंगी

कालियागंज: कालियागंज में जमाई षष्ठी से पहले लीची के दाम तेजी से बढ़ गए हैं। बाजार में 50 लीची की कीमत लगभग 250 रुपया तक पहुंच गई है, जिससे आम लोगों की जेब पर असर पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, कालियागंज रेलवे स्टेशन स्थित मां शीतला मंदिर परिसर में हर सुबह लीची का बाजार लगता है। यहां स्थानीय और बाहरी व्यापारी लीची की खरीद-बिक्री करते हैं। बिहार के कटिहार और बारसोई क्षेत्र से आए व्यापारी रात की ट्रेनों से कालियागंज पहुंचकर सुबह बाजार में लीची खरीदते हैं और फिर अपने क्षेत्र में ले जाकर बिक्री करते हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इसी मांग और आपूर्ति के कारण लीची के दामों में तेजी आई है। व्यापारी मिनादेवी के अनुसार, बाहरी व्यापारियों की भागीदारी से कीमतों पर असर पड़ता है और दाम बढ़ जाते हैं। व्यापारी अमल सरकार का कहना है कि कालियागंज और आसपास के क्षेत्रों में लीची की अच्छी खेती होती है, लेकिन बड़े पैमाने पर बाहरी व्यापारियों की वजह से स्थानीय खुदरा बिक्री व्यवस्था प्रभावित होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार के मौसम में लीची की मांग बढ़ने से कीमतें और ऊपर चली जाती हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को अधिक पैसे खर्च करने पड़ते हैं।

SCROLL FOR NEXT