सिलीगुड़ी

मेटली और नागराकाटा में कालीपूजा का शुभारंभ, 200 बुजुर्गों को बांटे कंबल

Khodija Khatun (Rabia)

नागराकाटा : दीपावली और कालीपूजा के अवसर पर मेटली एवं नागराकाटा में धार्मिक उत्साह के बीच कालीपूजा का शुभारंभ किया गया। दोनों स्थानों पर आयोजित उद्घाटन समारोह में जलपाईगुड़ी जिला पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी वीणापाणि शामिल हुईं। इस दौरान मेटली में चाय बागान क्षेत्र के 200 जरूरतमंद बुजुर्गों के बीच कंबल भी वितरित किए गए।

रविवार शाम मेटली थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में थाना परिसर स्थित स्थायी काली मंदिर का फीता काटकर जिला पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी वीणापाणि और नागराकाटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुना भेंगरा ने श्यामा पूजा का शुभारंभ किया। मेटली थानापाड़ा कालीपूजा समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष यहां पूजा का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी थाना परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। पूजा के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में मेटली की बीडीओ रुबीना नामचू लेप्चा, मेटली पंचायत समिति की सभापति मनीषा थापा छेत्री, माल महकमा पुलिस अधिकारी सुदीप्त सरकार सहित मेटली ब्लॉक की पांचों ग्राम पंचायतों के प्रधान उपस्थित थे।

वहीं, नागराकाटा में आयोजित कालीपूजा उद्घाटन समारोह में भी जिला पुलिस अधीक्षक शामिल हुईं। इस अवसर पर नागराकाटा के प्रखंड विकास अधिकारी, थाना प्रभारी गौतम सरकार, मेजो बाबू राम भौमिक, समाजसेवी मनोज भुजेल, बरुण मित्र, ओमप्रकाश राय, संजय कार्की, डोली और संतोष हाती सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक और विधायक ने सभी लोगों को दीपावली एवं छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं। जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दीपावली और छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए पूरे जलपाईगुड़ी जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

SCROLL FOR NEXT