कालिम्पोंग: कालिम्पोंग की प्राकृतिक सुंदरता, पहाड़ी भूगोल और एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगामी 1 नवंबर को ‘कालेबांग ट्रेल रन-2026’ का आयोजन किया जाएगा। आयोजक समिति की ओर से पत्रकार सम्मेलन में कार्यक्रम की जानकारी दी गई। आयोजकों के अनुसार, इस ट्रेल रन में देश के विभिन्न हिस्सों से धावकों और एडवेंचर स्पोर्ट्स प्रेमियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
इस वर्ष ट्रेल रन में तीन श्रेणियां रखी गई हैं 5 किलोमीटर, 22 किलोमीटर और 27 किलोमीटर। 5 किलोमीटर को ‘द फर्स्ट ट्रेल’, 22 किलोमीटर को ‘द रिज रनर’ और 27 किलोमीटर को ‘द समिट’ नाम दिया गया है। डेकाथलॉन इस आयोजन का स्पोर्ट्स पार्टनर है।
‘रिजेज व्हेयर वी रन’ स्लोगन के साथ आयोजित होने वाले इस ट्रेल रन का उद्देश्य कलिम्पोंग के नए ट्रेल्स और पहाड़ी रास्तों को खेल एवं पर्यटन से जोड़ना है। आयोजकों ने ‘New Trails, New Challenges, Same Spirit’ संदेश के साथ धावकों से प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की है।
आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं में एडवेंचर स्पोर्ट्स, शारीरिक स्वास्थ्य और प्रकृति के प्रति रुचि बढ़ेगी। इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के जरिए पंजीकरण करा सकते हैं। संपर्क के लिए 85098 63957 नंबर जारी किया गया है।