सिलीगुड़ी

घर से लाखों के गहने और नकदी चोरी

आदर्श नगर में वारदात, टूटा मिला दरवाजे का ताला; खालपाड़ा पुलिस चौकी की टीम जांच में जुटी

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी : दुर्गापूजा की खरीदारी करने निकले एक परिवार के घर को निशाना बनाकर चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण और लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 4 अंतर्गत आदर्श नगर की है। मंगलवार शाम घर लौटने पर परिवार के सदस्यों ने दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और लॉकर की जांच करने पर आभूषण और नकदी गायब मिले। घटना के बाद परिवार के लोग सकते में हैं।

पांच घंटे घर से बाहर था परिवार

मिली जानकारी के अनुसार, गौतम सरकार की पत्नी सुस्मिता दास सरकार मंगलवार शाम करीब 4 बजे अपने बेटे के साथ दुर्गापूजा की खरीदारी के लिए घर से निकली थीं। रात करीब 9 बजे जब वे वापस लौटीं, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद अलमारी और लॉकर की जांच की गई, तो सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिले।

व्यापार के लिए रखे थे रुपये

गौतम सरकार सेठ श्रीलाल मार्केट में एक छोटी दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि दुर्गापूजा के मौसम में दुकान के लिए सामान खरीदने के उद्देश्य से नकदी घर में रखी गई थी। परिवार के कुछ घंटों के लिए बाहर रहने के दौरान चोरों ने घर में घुसकर नकदी और कीमती सामान चुरा लिया। परिवार ने पुलिस से आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

खालपाड़ा पुलिस चौकी कर रही जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद खालपाड़ा पुलिस चौकी की टीम मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस चोरी में शामिल लोगों का पता लगाने और चोरी गए सामान को बरामद करने का प्रयास कर रही है।

घर बंद छोड़ने से पहले सतर्क रहने की अपील

दुर्गापूजा के मद्देनजर सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के पुलिस आयुक्त सैयद वकार रजा ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा का ध्यान रखें और लंबे समय तक घर खाली छोड़ने से बचें। साथ ही सोशल मीडिया पर घर से बाहर जाने या छुट्टियों पर जाने की जानकारी साझा नहीं करने की अपील की गई है, ताकि चोरी की आशंका को कम किया जा सके।

SCROLL FOR NEXT