इस्लामपुर: मौसम बदलने के साथ बुखार, सर्दी और खांसी का प्रकोप बढ़ने से इस्लामपुर उपजिला अस्पताल के आउट पेशेंट डिपार्टमेंट (ओपीडी) में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मरीजों की बढ़ती भीड़ के बीच ओपीडी में टिकट के लिए सिर्फ एक काउंटर होने से मरीजों और उनके परिजनों को लंबी कतारों में खड़ा होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। आरोप है कि काउंटर के सामने पर्याप्त शेड की व्यवस्था नहीं होने के कारण मरीजों को चिलचिलाती धूप और बारिश के बीच भी कतार में खड़ा रहना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी बढ़ रही है।
ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने से पहले मरीजों को काउंटर से दो रुपये का टिकट लेना पड़ता है। लेकिन एक ही टिकट काउंटर होने के कारण सुबह से ही यहां लंबी कतार लग जाती है। मरीजों का आरोप है कि बीमार लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को भी काफी देर तक कतार में खड़ा रहना पड़ता है। शारीरिक परेशानी के कारण कई मरीज अधिक देर तक खड़े नहीं रह पाते, इसके बावजूद उन्हें टिकट के लिए लाइन में इंतजार करना पड़ता है। मरीजों की शिकायत है कि खराब मौसम में उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। काउंटर के बाहर कतार के लिए पर्याप्त शेड नहीं होने से धूप में मरीजों को काफी परेशानी होती है। वहीं बारिश के दौरान भीगने का खतरा बना रहता है। इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को इस व्यवस्था के कारण अतिरिक्त शारीरिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रबंधन से ओपीडी टिकट काउंटर के सामने स्थायी शेड बनाने और मरीजों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलने की मांग की है। उनका कहना है कि इस्लामपुर अनुमंडल के विभिन्न इलाकों के अलावा पड़ोसी बिहार के किशनगंज जिले से भी बड़ी संख्या में मरीज रोजाना इलाज के लिए इस अस्पताल पहुंचते हैं। ऐसे में मरीजों की संख्या के मुकाबले मौजूदा टिकट काउंटर पर्याप्त नहीं हैं। माकपा की इस्लामपुर नंबर-1 एरिया कमेटी के सचिव अब्दुल करीम ने कहा, "लोग अस्पताल में इलाज के लिए आते हैं, लेकिन अव्यवस्था के कारण उन्हें और अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है। हमने कई बार इस मुद्दे को उठाया है, लेकिन अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक उचित कदम नहीं उठाया गया है। वहीं,अस्पताल अधिकारियों का कहना है कि समस्या की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। जल्द ही समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन मिला है।