सिलीगुड़ी

अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस समारोह कल से

सिलीगुड़ी : अंतरराष्ट्र्रीय मातृभाषा दिवस (21 फरवरी) के उपलक्ष्य में साहित्यिक-सांस्कृतिक मंच 'अन्वेषण' की ओर से मल्लागुड़ी में सिलीगुड़ी एसडीओ कार्यालय भवन के पीछे स्थित 'श्रमिक भवन' में दो दिवसीय समारोह का आयोजन किया गया है। 'अन्वेषण' के अध्यक्ष अलोक चक्रवर्ती ने गुरुवार को उक्त श्रमिक भवन में संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, इस समारोह के तहत पहले दिन शनिवार 21 फरवरी को कविता आवृत्ति, परिचर्चा व साहित्यिक चर्चा होगी। उसके बाद दूसरे व अंतिम रविवार 22 फरवरी को भी ज्वलंत मुद्दों पर परिचर्चा, स्वरचित कविता पाठ, गीत गायन, साहित्यिक चर्चा आदि का आयोजन होगा। इसमें शहर व आसपास के अनेक कवि, साहित्यकार, संस्कृतिकर्मी, पेशेवर, बुद्धिजीवी सम्मिलित होंगे।

उन्होंने सभी साहित्य व संस्कृति प्रेमियों से इस समारोह में बढ़-चढ़ कर सम्मिलित होने की अपील की है। यह भी कहा कि, समारोह में चर्चा-परिचर्चा से जो तथ्य उभर कर सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी दिनों के लिए ऐसे आयोजनों की और बड़ी रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि, सिलीगुड़ी समेत पूरे देश में आज भाषा का संकट बढ़ने लगा है। इनका राजनीतिकरण इस संकट को और बढ़ा रहा है। इस पर बुद्धिजीवी समाज का चिंतन, मनन व मंथन बहुत आवश्यक है। इसमें सबको आमंत्रण सब बढ़-चढ़ कर भाग लें।

इस दिन संवाददाता सम्मेलन में 'अन्वेषण' की सचिव मंडली में पौलवी पाल, बासु दत्त, अजय मजूमदार, कृष्णेंदू दास, देवाशीष मुखर्जी, पराग मित्रा, अलोक सरकार व अन्य कई सम्मिलित रहे।

SCROLL FOR NEXT