मिरिक: मिरिक कॉलेज में विद्यार्थियों के बीच आपसी तालमेल, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से अंतर-सत्रीय खेल प्रतियोगिता शुरू हो गई है। कॉलेज की स्पोर्ट्स कमिटी द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता करीब दो महीने तक चलेगी।
प्रतियोगिता के पहले चरण में गुरुवार को चेस प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कॉलेज के विभिन्न सत्रों में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। स्पोर्ट्स कमिटी की ओर से विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
स्पोर्ट्स कमिटी के संयोजक प्रो. बिक्रम राई के नेतृत्व में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कमिटी के सदस्य प्रो. पंकज दास, प्रो. सफल राई, डुपचेन लामा और छेडुप वाइबा ने प्रतियोगिता के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों की ओर से प्रतियोगिता को नियमबद्ध, निष्पक्ष और अनुशासित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई थीं।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शेराप भूटिया ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी और खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा आगामी प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्पोर्ट्स कमिटी के संयोजक प्रो. बिक्रम राई ने दो महीने तक चलने वाली अंतर-सत्रीय खेल प्रतियोगिता के उद्देश्य, आवश्यकता और महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।