सिलीगुड़ी : भारत की अग्रणी हॉस्पिटैलिटी कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) और विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत प्रमुख कॉर्पोरेट समूह अम्बुजा नेवटिया ने शनिवार को कोलकाता और सिलीगुड़ी में 'ऑल्टेयर हाउस - आईएचसीएल सिलेक्शन्स' का शुभारंभ किया। इसके तहत सिलीगुड़ी शहर के निकट उत्तरायण टाउनशिप स्थित क्लब मोन्टाना विस्टा को अब 'ऑल्टेयर हाउस - आईएचसीएल सिलेक्शन्स' के आधुनिकतम रूप में विकसित किया गया है।
यहां इसके शुभारंभ उपलक्ष्य में आईएचसीएल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत छतवाल ने कहा कि, 'कोलकाता और सिलीगुड़ी में 'आईएचसीएल सिलेक्शन्स' ब्रांड के तहत 'ऑल्टेयर हाउस' के खुलने से अम्बुजा नेवटिया समूह के साथ हमारी दीर्घकालिक साझेदारी और मजबूत हुई है। अपने अनूठे डिजाइन और बेमिसाल अनुभवों के साथ, ऑल्टेयर हाउस 'आईएचसीएल सिलेक्शन्स' प्लेटफॉर्म के लिए पूरी तरह अनुकूल है। फ्रैंचाइज़ी समझौते के तहत की गई यह शुरूआत हमारी साझेदारी में एक नया अध्याय जोड़ती है।'
उन्होंने आगे कहा कि, 'एक साझा विज़न पर आधारित, आईएचसीएल और अम्बुजा नेवटिया इस पूरे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने, यात्रा के नए अनुभव तैयार करने और आईएचसीएल के ब्रांड्स की मौजूदगी का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है।'
इस मौके पर, अम्बुजा नेवटिया समूह के चेयरमैन हर्षवर्धन नेवटिया ने कोलकाता, रायचक, दीघा, सिलीगुड़ी, लाटागुड़ी, कालिम्पोंग और दार्जिलिंग में आईएचसीएल के विभिन्न ब्रांड्स के तहत पश्चिम बंगाल के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में 2,700 करोड़ रुपये के बड़े निवेश की घोषणा की। इस निवेश में हाल ही में लॉन्च किए गए दोनों होटल भी शामिल हैं। इसके साथ ही, दार्जिलिंग स्थित 'ताज चिया कुटीर रिसॉर्ट एंड स्पा' के 100 करोड़ के विस्तार की भी घोषणा की गई, जिसके तहत उसमें 28 नए कमरे और 15,000 वर्गफुट की बैंक्वेट सुविधाएं जोड़ी जाएंगी।
हर्षवर्धन नेवटिया ने यह भी कहा कि, 'बंगाल अपने रौनक से भरे शहरों और नदी के किनारों से लेकर अपने जंगलों, चाय के बागानों और हिमालय तक, बहुत ही खूबसूरत और अलग-अलग तरह के प्राकृतिक व सांस्कृतिक अनुभवों की पेशकश करता है। हमारा लगभग 2,700 करोड़ रुपये का निवेश का संकल्प, इस क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं पर हमारे भरोसे को दर्शाता है। हमारा मकसद ऐसे टूरिस्ट स्पॉट्स तैयार करना है, जहां लोग आना और बार-बार रुकना पसंद करें।'
उन्होंने आगे कहा, "शानदार और बेहतर हॉस्पिटैलिटी के साझा विज़न के चलते आईएचसीएल के साथ हमारा जुड़ाव बीते सालों में और मजबूत हुआ है। 'ऑल्टेयर हाउस आईएचसीएल सिलेक्शन्स' की शुरुआत के साथ, हमारा मकसद हर होटल को एक अलग पहचान देना है। यहां हर होटल अपने डिज़ाइन की एक अनोखी कहानी बयां करेगा, जहां लोगों को खाने-पीने का एक अलग अनुभव और साथ आने के लिए बेहतरीन जगह मिलेगी। आईएचसीएल के साथ हमारी 'कुटीर' सीरीज़ के लगातार विस्तार के बीच, यह हमारी हॉस्पिटैलिटी के सफर में एक बहुत ही महत्वपूर्ण और नया अध्याय है।"