सिलीगुड़ी

तेलीपाड़ा में भीषण सड़क हादसा, दंपती की मौत

Khodija Khatun (Rabia)

नागराकाटा : बानरहाट ब्लॉक के तेलीपाड़ा इलाके में शनिवार देर रात एशियन हाईवे-48 पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक राना बसाक के माता-पिता हैं। घायलों में राना बसाक, उनकी बेटी और भांजी शामिल हैं। तीनों का सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छिटबाड़ी निवासी बसाक परिवार के सदस्य धूपगुड़ी से एक बीमार मरीज को देखकर घर लौट रहे थे। परिवार के पांच सदस्य स्विफ्ट डिजायर कार में सवार थे। इसी दौरान तेलीपाड़ा इलाके में उनकी कार की सामने से आ रहे एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पिचक गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना में राना बसाक की मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल बीरपाड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें सिलीगुड़ी रेफर कर दिया गया।

हालांकि, सिलीगुड़ी ले जाने के दौरान राना बसाक के पिता ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में परिवार के दोनों बुजुर्ग सदस्यों की जान चली गई।

फिलहाल राना बसाक, उनकी बेटी और भांजी सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। बताया जा रहा है कि हादसे में राना की छाती की हड्डियां टूट गई हैं। तीनों की गंभीर स्थिति को लेकर परिजन चिंतित हैं।

एक ही दुर्घटना में परिवार के दो सदस्यों की मौत से बसाक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

SCROLL FOR NEXT