सिलीगुड़ी

रसोई गैस : जमाखोरी व कालाबाजारी पर लगेगी लगाम

वाणिज्यिक या घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग अथवा आपूर्ति में कहीं कोई समस्या हो तो लोग तुरंत सिलीगुड़ी नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 7557035194 एवं एनफोर्समेंट ब्रांच के हेल्पलाइन नंबर 8697004403 पर संपर्क करें, त्वरित समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा : मेयर

सिलीगुड़ी : शहर में उत्पन्न रसोई गैस संकट को लेकर सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर गौतम देव ने कहा है कि, रसोई गैस संकट से निपटने को जमाखोरी व कालाबाजारी की सख्ती से नकेल कसी जाएगी। इसके लिए रसोई गैस सिलेंडर आपूर्तिकर्ता निगमों, वितरकों एवं पुलिस व उसकी एनफोर्समेंट इकाइयों को सचेत कर दिया गया है। व्यवसायियों को वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर एवं आम घरेलू उपभोक्ताओं को घरेलू रसोई गैस की बुकिंग अथवा आपूर्ति में कहीं कोई समस्या हो तो वे तुरंत सिलीगुड़ी नगर निगम के 24x7 हेल्पलाइन नंबर 7557035194 एवं एनफोर्समेंट ब्रांच के 24x7 हेल्पलाइन नंबर 8697004403 पर संपर्क कर सकते हैं। उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

वह रसोई गैस संकट के मुद्दे पर गुरुवार को सिलीगुड़ी नगर निगम सभागार में नगर निगम, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल), पुलिस, एनफोर्समेंट ब्रांच व अन्य विभागों के अधिकारियों एवं रसोई गैस सिलेंडर वितरकों संग बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि, आईओसीएल व एचपीसीएल दोनों के ही अधिकारियों एवं रसोई गैस सिलेंडर वितरकों ने कहा है कि, रसोई गैस संकट नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की समस्या को लेकर वे लोग होटल वालों, मिठाई दुकाना व अन्य दुकान वालों से संपर्क करेंगे। वे लोग भी आईओसी कार्यालय व वितरक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। वाणिज्यिक हो या घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को सुचारु रखने का भरसक प्रयास किया जाएगा। अभी चूंकि वैश्विक व राष्ट्रीय स्तर पर रसोई गैस की समस्या है इसलिए फिलहाल घरेलू कनेक्शन के डबल सिलेंडर नहीं दिए जाएंगे। सिंगल सिलेंडर की ही डिलीवरी शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के अंतराल पर ही की जाएगी।

मेयर ने यह भी बताया कि, अभी तक रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के तीन मामलों में कार्रवाई हुई है। एनफाेर्समेंट ब्रांच की ओर से कार्रवाई की गई है। सिलेंडर जब्त किए गए हैं। जुर्माना लगाया गया है व आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से यह अपील भी है कि कहीं भी कोई कालाबाजारी या जमाखोरी नजर आए तो वे हेल्पलाइन नंबर पर सूचित करें, त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि, मेयर बीते बुधवार को आश्रम पाड़ा में एक गैस वितरक एजेंसी के सामने लगी घरेलू उपभोक्ताओं की लंबी कतार व रोष की जानकारी पा कर वहां पहुंचे थे। उन्होंने कहा था कि, हिंदुस्तान पेट्रोलियम घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों की आपूर्ति करता है और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन घरेलू के साथ-साथ वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडरों की भी आपूर्ति करता है। वे दोनों ही केंद्र सरकार के निगम हैं। मगर, उनकी ओर से सब कुछ लचर कर के रख दिया गया है। ऐसे वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे लेकिन कालाबाजारी में दोगुनी-तिगुनी कीमत पर आाराम से मिल रहे हैं। ऐसा कैसे हो रहा है? मैं बतौर मेयर फिर उन दोनों निगमों के अधिकारियों संग बैठक करूंगा। उसके बाद भी यदि स्थिति नहीं सुधरी, संकट दूर नहीं हुआ तो फिर उनके कार्यालयों को ठप कर दूंगा। जो करना होगा, करूंगा। सड़क पर उतर कर आंदोलन करूंगा।

उल्लेखनीय है कि, मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और ईरान व इज़राइल-अमेरिका के बीच युद्ध का असर दुनिया भर के साथ-साथ अब देश के विभिन्न हिस्सों संग सिलीगुड़ी शहर में भी काफी पड़ रहा है। विशेष रूप से रसोई गैस के घरेलू और वाणिज्यिक सिलेंडरों की उपलब्धता का घोर संकट उत्पन्न हो गया है। गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग बड़ी मुश्किल से कई-कई दिनों में हो रही है। सर्वर लगातार डाउन रह रहा है। वहीं, ऑफलाइन बुकिंग का यह हाल है कि रसोई गैस वितरकों के प्रतिष्ठानों में मानव संसाधन व अन्य संसाधनों की तुलना में इतने ज्यादा लोग उमड़ रहे हैं कि उन्हें संभाले नहीं संभाला जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT