सिलीगुड़ी

भूतनी के जलमग्न गांवों में नाव से पहुंच रही स्वास्थ्य सेवा

Irfan E Azam

मालदह : गंगा नदी के पानी से भूतनी थाना क्षेत्र के तीन इलाकों के लगभग सभी गांव जलमग्न हैं। डेढ़ लाख से अधिक लोग बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। ऐसे हालात में स्वास्थ्य विभाग की टीम नाव के जरिए जलमग्न गांवों तक पहुंचकर लोगों को चिकित्सा सेवा और जरूरी दवाएं उपलब्ध करा रही है।

रविवार को उत्तर चंडीपुर के विभिन्न जलमग्न गांवों में मानिकचक ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अभिक शंकर कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्यकर्मी नाव से पहुंचे। नाव पर ही मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बाढ़ के कारण लोगों में बुखार, सर्दी-खांसी सहित विभिन्न बीमारियों के लक्षण सामने आ रहे हैं। इसे देखते हुए जलमग्न क्षेत्रों में नियमित निगरानी के साथ नाव के जरिए चिकित्सा सेवा और दवाएं पहुंचाई जा रही हैं। इस दौरान सौ से अधिक परिवारों और लोगों की स्वास्थ्य जांच कर दवाएं दी गईं। साथ ही बाढ़ के दौरान स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक भी किया गया।

मानिकचक ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जलमग्न लोगों तक चिकित्सा सेवा पहुंचाने के साथ उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेने के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम नाव से गांव-गांव पहुंच रही है। भूतनी के विभिन्न इलाकों में यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक 250 से अधिक गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बाढ़ के बीच विभिन्न बीमारियों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।

SCROLL FOR NEXT