इस्लामपुर : चोपड़ा थाना क्षेत्र के दासपाड़ा ग्राम पंचायत अंतर्गत अंधारुगाछ से सटे इलाके में शुक्रवार को पिकअप वैन और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पिकअप वैन कचकाली से दासपाड़ा की ओर जा रही थी, जबकि बाइक दासपाड़ा से कचकाली की ओर जा रही थी। अंधारुगाछ के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। घटना की जानकारी दसपाड़ा पुलिस चौकी को भी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के कारण सड़क पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति सामान्य कराई। दासपाड़ा पुलिस चौकी ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घायलों की पहचान और उनकी वर्तमान शारीरिक स्थिति के संबंध में फिलहाल जानकारी नहीं मिल सकी है।