सिलीगुड़ी: सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और शनिवार को स्थायी अवकाश सुनिश्चित करने समेत कई मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को देशभर में बैंक हड़ताल रही। हड़ताल का असर सिलीगुड़ी में भी देखने को मिला, जहां बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। शहर के कॉलेजपाड़ा इलाके में एक बैंक शाखा बंद रखकर कर्मचारी और अधिकारी बैंक के सामने एकत्र हुए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी की और जल्द समाधान की मांग उठाई। बैंक कर्मचारियों का कहना है कि वर्ष 2024 में पांच दिवसीय कार्यसप्ताह को लेकर समझौता हुआ था, लेकिन अब तक इसे पूरी तरह लागू नहीं किया गया है। प्रस्ताव के अनुसार, सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन करीब 40 मिनट अतिरिक्त काम करने की व्यवस्था के साथ सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू की जानी थी। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांग है कि देशभर में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू की जाए और शनिवार को स्थायी अवकाश घोषित किया जाए। इसके अलावा Performance Linked Incentive यानी PLI व्यवस्था में बदलाव, पेंशन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का समाधान और लंबे समय से लंबित अन्य मांगों को पूरा करने की भी मांग की गई। कर्मचारी संगठनों का आरोप है कि इन मुद्दों को लेकर कई बार बातचीत हो चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। इसी के चलते बैंक कर्मचारियों को हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा। वहीं, बैंक कर्मचारी संगठनों की ओर से आगामी 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का कार्यक्रम भी घोषित किया गया है। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि इसके बाद भी उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।