मिरिक : भारत-अमेरिका के संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने अपनी टीम के साथ गुरुवार को पहाड़ों की रानी दार्जिलिंग का दौरा किया। राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन श्रृंगला के आमंत्रण पर हुए इस दौरे के दौरान राजदूत ने दार्जिलिंग की समृद्ध विरासत, जीवंत समुदाय और युवाओं की आकांक्षाओं को करीब से समझने का अवसर प्राप्त किया। राजदूत सर्जियो गोर और उनकी टीम ऐतिहासिक मॉल रोड के समीप राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन श्रृंगला के आवास ‘इवानहो’ पहुंचे। वहां उन्होंने पारंपरिक मोमो समेत दार्जिलिंग के स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया और कैसलटन फर्स्ट फ्लश चाय का आनंद उठाया।
राजदूत ने दार्जिलिंग की पहाड़ियों की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण की सराहना करते हुए इस पहाड़ी शहर के अनूठे आकर्षण की प्रशंसा की। दौरे के दौरान राजदूत गोर ऐतिहासिक दार्जिलिंग मॉल रोड भी पहुंचे। दार्जिलिंग के प्रमुख आकर्षण माने जाने वाले मॉल रोड के जरिए उन्होंने शहर की ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और रोजमर्रा की जिंदगी को करीब से जानने का अवसर प्राप्त किया।
इस दौरे की एक प्रमुख विशेषता ऐतिहासिक दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे की ‘टॉय ट्रेन’ की सवारी भी रही। पहाड़ी रास्तों से गुजरती ट्रेन में सफर करते हुए राजदूत और उनकी टीम ने दार्जिलिंग की इस विश्वप्रसिद्ध विरासत का अनुभव किया। यह यात्रा क्षेत्र के समृद्ध इतिहास और पर्यटन से इसके गहरे जुड़ाव को दर्शाती है। राजदूत ने अपने दौरे के दौरान विद्यार्थियों और युवाओं से भी संवाद किया। इस दौरान भारत के भविष्य के निर्माण और दुनिया के साथ भारत के संबंधों को आगे बढ़ाने में युवाओं की भूमिका पर चर्चा हुई। विद्यार्थियों के उत्साह और उम्मीदों ने नई पीढ़ी की ऊर्जा और वैश्विक अवसरों के प्रति उनकी रुचि को प्रदर्शित किया।
इस दौरे को भारत-अमेरिका के संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान सांस्कृतिक समझ, साझा अनुभव और सामुदायिक जुड़ाव के महत्व पर जोर दिया गया। हर्षवर्धन श्रृंगला ने दार्जिलिंग में पर्यटन की अपार संभावनाओं तथा इसकी प्राकृतिक सुंदरता, विरासत और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने के अवसरों पर चर्चा की। राजदूत सर्जियो गोर ने दार्जिलिंग यात्रा को सुखद बताते हुए अधिक से अधिक अमेरिकी पर्यटकों से इस पहाड़ी शहर का दौरा करने और यहां की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण एवं अनूठे आकर्षण का अनुभव करने की अपील की।