सिलीगुड़ी

हाजीपुर की लड़की लावारिस मिली, परिजनों की तलाश

सिलीगुड़ी : माटीगाड़ा के सहयोगिता फाउंडेशन के सदस्यों ने माटीगाड़ा थाना की पुलिस की मदद से एक लावारिस लड़की को संबल दिया। फाउंडेशन ने लड़की को उसके परिजनों तक पहुंचाने के लिए सभी से मदद की अपील की है। सहयोगिता फाउंडेशन की संस्थापक अनीषा पाल ने कहा कि, उन्हें बीते 10 फरवरी को माटीगाड़ा थाना की पुलिस के रेफरेंस से फोन कॉल आया था कि फूलबाड़ी पीडब्ल्यूडी क्षेत्र में लगभग 22-23 साल उम्र की एक लड़की लावारिस भटक रही है। वह शारीरिक रूप से कमजोर और मानसिक रूप से अस्थिर है। उसे मदद की जरूरत है। तब, माटीगाड़ा थाना के एएसआई राजू प्रसाद यादव की मदद से फाउंडेशन सदस्यों ने उक्त लड़की को रेस्क्यू किया। उक्त लड़की को सहयोगिता फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे लोकनाथ हेल्थ केयर में निगरानी में रखा गया है जहां उसे चिकित्सकीय सुविधा भी प्राप्त है।

अभी तक उक्त लड़की से मिली जानकारी के मुताबिक, लड़की का नाम अंशु कुमारी है और वह बिहार के हाजीपुर की रहने वाली है। उसने फाउंडेशन सदस्यों को बताया कि वह अपनी मौसी के साथ पुरानी दिल्ली से आ रही थी लेकिन रास्ते में वह उसे पानी की बोतल खरीदने के बहाने छोड़ कर चली गई। फाउंडेशन ने अपील की है कि जो कोई भी उक्त लड़की को जानता है और उसके परिवार के बारे में कोई जानकारी रखता है, वह मोबाइल नंबर 8088895608 पर संपर्क कर उसकी मदद को मददगार बने।

SCROLL FOR NEXT