कालिम्पोंग: गोरखा यूथ एक्टिविस्ट नेटवर्क (GYAN) ने प्रस्तावित पश्चिम बंगाल भूमि सुधार (तीसरा संशोधन) विधेयक, 2026 को लेकर गंभीर चिंता जताई है। संगठन के मुख्य समन्वयक एवं अधिवक्ता बीरेंद्र रसाइली ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, तराई और डुआर्स क्षेत्रों में राजनीतिक समाधान की प्रक्रिया पूरी होने तक विधेयक को लागू करने से रोकने की मांग की है। संगठन ने इन क्षेत्रों को प्रस्तावित संशोधन से बाहर रखने अथवा विशेष प्रावधान शामिल करने की अपील की है।
GYAN ने 1 अगस्त 2023 की अधिसूचना संख्या 3076-LP/1A-04/23 को वापस लेने की भी मांग की है। यह अधिसूचना चाय बागान श्रमिकों को आवासीय भूमि पट्टा देने से संबंधित है। संगठन का कहना है कि चाय बागान परिवारों के पुश्तैनी कब्जे और लंबे समय से चली आ रही बसावट के अधिकारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
इस संबंध में संगठन ने संबंधित मंत्रियों और विधायकों को भी ज्ञापन देकर आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले हस्तक्षेप की मांग की है। रसाइली ने स्पष्ट किया कि यह भूमि सुधार का विरोध नहीं, बल्कि लोगों के संवैधानिक और पारंपरिक भूमि अधिकारों की रक्षा का प्रयास है।