नागराकाटा : उदलाबाड़ी स्थित खाटू श्याम मंदिर के उद्घाटन से पूर्व राजस्थान से प्रस्थान की गई खाटू श्याम की अखंड ज्योति यात्रा के लुकसान और नागराकाटा पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। गुरुवार शाम कालचिनी बीरपाडा और बानरहाट का भ्रमण पूरा करने के बाद यात्रा लुकसान हाई रोड पहुंची। हाई रोड पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ शोभायात्रा निकालकर अखंड ज्योति को लुकसान मोड़ तक पहुंचाया। इस दौरान क्षेत्र के हिंदू धर्मावलंबियों ने पूजा-अर्चना और आरती कर अखंड ज्योति का दर्शन किया।उदलाबाड़ी खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य सुभाष कुमार अग्रवाल ने बताया कि डुआर्स भ्रमण के तहत यात्रा गुरुवार सुबह कालचिनी और हासिमारा से होते हुए बिन्नागुड़ी, बानरहाट, लुकसान और नागराकाटा पहुंची। उन्होंने बताया कि इसके बाद यात्रा चालसा जाएगी तथा माल बाजार में विश्राम करेगी। आगामी 13 तारीख से मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत होगी। लुकसान मोड़ निवासी सुशील रुंगटा और विक्की रुंगटा ने कहा कि राजस्थान से आई दिव्य अखंड ज्योति के लुकसान पहुंचने से क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया है। उन्होंने अखंड ज्योति के दर्शन को सौभाग्य बताते हुए उदलाबाड़ी खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।