सिलीगुड़ी

लप्चु-पेशोक में ‘हर घर जल’ की पाइपलाइन का गोरायुमो ने किया निरीक्षण

Abhijit Dey

कर्सियांग: स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद गोरखा राष्ट्रीय युवा मोर्चा (गोरायुमो) दार्जिलिंग ब्रांच कमेटी ने लप्चु-पेशोक समष्टि क्षेत्र में ‘हर घर जल’ योजना के तहत बिछाई गई पानी की पाइपलाइन और संबंधित संरचनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

गोरायुमो दार्जिलिंग ब्रांच कमेटी के अध्यक्ष सूरज कटुवाल के नेतृत्व में निरीक्षण दल ने गरलांग, मानेडांडा, छत्रमान धुरा, रॉकी विला, 8 नंबर कोठी धुरा होते हुए लप्चु पारी गांव तक पहुंचकर योजना की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पेयजल आपूर्ति से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों से दल को अवगत कराया।

स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभाग को तत्काल आवश्यक कदम उठाने चाहिए। निरीक्षण दल में लप्चु-पेशोक समष्टि अध्यक्ष छेरिंग लामा, उपाध्यक्ष नवीन छेत्री, सलाहकार मनहांग सुब्बा, संयुक्त सचिव शंकर प्रधान, सचिव कृपन कार्की, निमा दुक्पा सहित अन्य सदस्य मौजूद थे। गोरायुमो मीडिया सेल के दिपेन मुखिया और प्रवेश थापा भी दल के साथ रहे।

निरीक्षण के बाद गोरामुमो दार्जिलिंग ब्रांच कमेटी के प्रवक्ता देवेंद्र घतानी ने पत्रकारों को क्षेत्र की स्थिति और स्थानीय लोगों की पेयजल समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।

SCROLL FOR NEXT