कर्सियांग: कर्सियांग बाजार में बीते 4 अक्टूबर की रात हुए अग्निकांड में तीन मकानों के क्षतिग्रस्त होने के बाद घटना की जांच और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर गोरखा राष्ट्रीय मुक्ति मोर्चा (गोरामुमो) कर्सियांग ब्रांच कमेटी ने विद्युत विभाग को ज्ञापन सौंपा।
पीड़ित परिवारों द्वारा बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की जानकारी दिए जाने के बाद गोरामुमो कर्सियांग ब्रांच अध्यक्ष निमा लामा के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधियों तथा गोर्खा राष्ट्रीय नारी संगठन के सदस्यों का एक दल प्रभावित परिवारों के साथ विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचा।
प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर घटना की जानकारी दी और ज्ञापन सौंपते हुए घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की आवश्यक जांच कराने की मांग की। साथ ही अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।
गोरामुमो कर्सियांग ब्रांच कमेटी के अध्यक्ष निमा लामा ने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए संबंधित विभाग को मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।