कालिम्पोंग: गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के सहयोगी संगठन गोरखा जनमुक्ति युवा मोर्चा ने बुधवार को कालिम्पोंग के मारवाड़ी भवन में अपना 20वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। समारोह में विभिन्न समष्टियों, शाखाओं और प्रशाखाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
सेवानिवृत्त कर्नल एवं गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य रमेश आले की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष सचिन ठकुरी और संयुक्त सचिव सोबित राय ने किया। इस दौरान महासचिव बालकृष्ण थापा ने संगठन के 20 वर्षों के सफर, उपलब्धियों, चुनौतियों और कार्यकर्ताओं के योगदान पर प्रकाश डालते हुए युवाओं की भावी भूमिका और जिम्मेदारियों पर जोर दिया।
कार्यक्रम में स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सांस्कृतिक एवं संगीत कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें दार्जिलिंग के लोकप्रिय गायक सुरेश कुमार, मिरिक के ‘जूनियर वॉयस ऑफ नेपाल’ के सेमीफाइनलिस्ट अश्मिक खवास और कलिम्पोंग के कलाकार अनमोल गुरुंग ने प्रस्तुति दी।
दार्जिलिंग के विधायक एवं युवा मोर्चा अध्यक्ष नोमान राय ने युवाओं से निडर, जागरूक और जिम्मेदार नेतृत्व विकसित करने की अपील की। वहीं, गोरखा जनमुक्ति मोर्चा अध्यक्ष बिमल गुरुंग ने गोरखाओं के स्थायी राजनीतिक समाधान, चाय एवं सिनकोना श्रमिकों की समस्याओं और अमृत योजना तथा जल जीवन मिशन में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
समारोह में क्षेत्रीय पहचान, राजनीतिक जागरूकता और सामूहिक नेतृत्व को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।