स्वप्ना बर्मन  
सिलीगुड़ी

स्वर्ण पदक विजेता स्वप्ना बर्मन ने एथलेटिक्स से संन्यास का किया ऐलान

जलपाईगुड़ी: एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली एथलीट स्वप्ना बर्मन ने अचानक एथलेटिक्स से संन्यास लेने की घोषणा कर सभी को चौंका दिया है। शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्होंने खेल जगत को अलविदा कहने की जानकारी दी। स्वप्ना ने भावुक संदेश में लिखा कि एथलेटिक्स उनकी पहचान रही है और उन्होंने इस खेल के लिए अपना सर्वस्व दिया। उन्होंने कहा कि जितनी उम्मीदें थीं, उतनी सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्हें कोई पछतावा नहीं है। उन्होंने भावुक होकर ट्रैक को विदाई देने की बात कही। स्वप्ना के संन्यास के फैसले के बाद उनके प्रशंसकों और खेल प्रेमियों में निराशा देखी जा रही है। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर उनसे यह निर्णय बदलने की अपील की है। जिला खेल जगत से जुड़े लोगों का भी मानना है कि स्वप्ना को अभी खेल से जुड़े रहना चाहिए। गौरतलब है कि स्वप्ना बर्मन ने वर्ष 2018 के एशियाई खेलों में हेप्टाथलॉन स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। इसके बाद उन्हें रेलवे में नौकरी और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इस साल विधानसभा चुनाव से पहले स्वप्ना ने तृणमूल कांग्रेस में शामिल होकर राजगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। चुनाव के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर भी चर्चाएं होती रही हैं। हाल के दिनों में स्वप्ना ने सोशल मीडिया पर फिटनेस और खेल में वापसी से जुड़े पोस्ट भी साझा किए थे। अब अचानक संन्यास की घोषणा के बाद खेल और राजनीतिक दोनों क्षेत्रों में उनके अगले कदम को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। स्वप्ना से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। अब सभी की नजरें उनके अगले फैसले पर टिकी हैं।

SCROLL FOR NEXT