सिलीगुड़ी

दार्जिलिंग में जीजेएम का 20वां स्थापना दिवस मनाया गया

Abhijit Dey

कर्सियांग : गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएम) ने बुधवार को दार्जिलिंग के नॉर्थ प्वाइंट (एनपी) ग्राउंड में अपना 20वां स्थापना दिवस मनाया। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था, लेकिन अंतिम समय में उनका दार्जिलिंग दौरा रद्द हो गया।
मुख्यमंत्री की ओर से हिल अफेयर्स मंत्री एवं विधायक विशाल लामा तथा दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इसके अलावा असम, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों से गोरखा प्रतिनिधि एवं नेता भी समारोह में शामिल हुए। असम के बोडोलैंड टेरिटोरियल रीजन के नेता एवं प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीजेएम अध्यक्ष बिमल गुरूंग ने भारतीय संविधान के तहत गोरखा समुदाय के लिए स्थायी राजनीतिक समाधान की मांग दोहराई। उन्होंने पहाड़ में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की भी राज्य सरकार से मांग की।
गुरूंग ने अदालत में लंबित नियुक्ति मामलों वाले 313 एवं अन्य कई स्वयंसेवक शिक्षकों की नियुक्ति पर भी राज्य सरकार से विचार करने का आग्रह किया।
इतना ही नहीं, बिमल गुरूंग ने अपने संबोधन में कहा कि अब वह 2017 के बिमल गुरूंग नहीं हैं, बल्कि 2026 के बिमल गुरूंग हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उनकी प्राथमिकता गोर्खा युवाओं के लिए शांति और रोजगार के अवसर सुनिश्चित करना तथा गोर्खा समुदाय के समग्र विकास एवं प्रगति को आगे बढ़ाना है।
बिमल गुरूंग ने कहा कि उनका उद्देश्य गोर्खा युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ समुदाय के विकास और प्रगति के लिए काम करना है।अपने संबोधन के दौरान उन्होंने आज के कार्यक्रम के लिए मंच उपलब्ध कराने में सहयोग करने पर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

SCROLL FOR NEXT