कर्सियांग: कर्सियांग के घुम्ती चाय बागान क्षेत्र के हाउस डांडा पाखा से मंगलवार को एक और किंग कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। कुछ दिन पहले भी घुम्ती इलाके से एक किंग कोबरा का रेस्क्यू किया गया था। मंगलवार को दोबारा किंग कोबरा मिलने से कुछ समय के लिए स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया। कर्सियांग वन विभाग के अनुसार, घुम्ती चाय बागान क्षेत्र में किंग कोबरा देखे जाने की सूचना मिलने के बाद रेंज अधिकारी मनोज कुमार छेत्री ने वनकर्मी सियोक प्रधान और रोशन थापा को मौके पर भेजा। वनकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद किंग कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में रेस्क्यू किए गए किंग कोबरा को आबादी और लोगों की आवाजाही से दूर जंगल के सुरक्षित क्षेत्र में छोड़ दिया गया। वन विभाग के अनुसार, सांप को उसके प्राकृतिक वातावरण में सुरक्षित रूप से छोड़ा गया है। वन विभाग के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से किंग कोबरा के दिखाई देने और रेस्क्यू किए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। घुम्ती क्षेत्र में कुछ ही दिनों के अंतराल में दूसरी बार किंग कोबरा मिलने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और पर्यावरणीय परिस्थितियों में हो रहे बदलाव पर भी ध्यान देने की आवश्यकता जताई है।