गेजिंग : सिक्किम के गेजिंग जिले में लगातार हो रही बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के बीच संवेदनशील क्षेत्रों से 161 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। रिंबी में मंगलवार से भूस्खलन और बाढ़ का खतरा बढ़ने के बाद 28 घरों के 128 लोगों को एहतियातन रिंबी ग्राम पंचायत केंद्र में स्थानांतरित किया गया है। मंडिर प्वाइंट के आसपास का क्षेत्र विशेष रूप से संवेदनशील बना हुआ है, जहां ताजा भूस्खलन की सूचना मिली है। निक खोल्सा नाले में बड़ी मात्रा में मलबा जमा होने से भारी बारिश के दौरान पानी और मलबा रिंबी गांव की ओर बह रहा है। इससे नाले के किनारे स्थित घरों पर खतरा बना हुआ है। प्रशासन के अनुसार, मलबे के कारण पानी का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हुआ है और अचानक तेज जलप्रवाह की आशंका बनी हुई है। तेज जलप्रवाह और मलबे के कारण रिंबी का आरसीसी पुल भी बह गया है। मुख्य रिंबी नदी ने अपना मार्ग बदल लिया है और सड़क किनारे के हिस्से में कटाव कर रही है। मुख्य सड़क के 15 मई को पूरी तरह बह जाने के बाद संपर्क बहाल करने के लिए राज्य सरकार की ओर से ऊंचाई वाले स्थान पर बैली पुल बनाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इधर, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के नीचे स्थित रिंबी एकीकृत बाल विकास सेवा केंद्र में भी पानी भर गया है। प्रशासन ने संबंधित विभाग को केंद्र को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की संभावनाओं की जांच करने का निर्देश दिया है। निकटवर्ती सिंगलिताम में भी सात संवेदनशील परिवारों के 33 से अधिक लोगों को राहत आश्रय में स्थानांतरित किया गया है। राहत केंद्र में बुजुर्गों और बच्चों के लिए भोजन समेत आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सिंगलिताम, रिंबी सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने भारी बारिश के दौरान सक्रिय भूस्खलन वाले क्षेत्रों और नालों के जलप्रवाह वाले रास्तों से दूर रहने की सलाह दी है।