गंगटोक : अखिल सिक्किम खस छेत्री बाहुन कल्याण संघ की युवा शाखा की ओर से युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पांच दिवसीय कार्यक्रम ‘खस यूथ कनेक्ट’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम आगामी 4 से 8 दिसंबर तक आयोजित होगा।
कार्यक्रम के तहत मॉडल यूनाइटेड नेशंस (एमयूएन), संगोष्ठी, मिस खस एवं मिस्टर खस प्रतियोगिता तथा खस हेरिटेज गैलरी सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
शनिवार को गंगटोक में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आयोजकों ने आगामी कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को एक साझा मंच प्रदान करना है, जहां वे अपने विचारों का आदान-प्रदान करने के साथ-साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर सकें और अपनी सांस्कृतिक पहचान एवं विरासत को बेहतर ढंग से समझ सकें।
पांच दिवसीय इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को बौद्धिक चर्चा, सांस्कृतिक गतिविधियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। साथ ही, इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी में सामुदायिक भावना, सांस्कृतिक जागरूकता और सक्रिय सहभागिता को मजबूत करना है।