सिलीगुड़ी

गंगटोक हिल ट्रेक का तीसरा संस्करण सम्पन्न

Abhijit Dey

गंगटोक : सिक्किम माउन्टेनियरिंग एसोसिएशन (एसएमए) और माउन्टेनियरिंग एंड एडवेन्चर इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्किम (एमएआईएस) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित गान्तोक हिली ट्रेक के तीसरे संस्करण का 12 सितम्बर को सफलतापूर्वक समापन हुआ। एक दिवसीय ट्रेक में विद्यार्थियों, सरकारी कर्मचारियों और स्थानीय युवाओं सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस वर्ष ट्रेक का आयोजन ताम्जे से फोदोंग और काबी लुंगचोक क्षेत्र को जोड़ने वाले प्राकृतिक मार्ग पर किया गया। आयोजकों के अनुसार, यह क्षेत्र साहसिक पर्यटन और टिकाऊ ईको-टूरिज्म के लिए काफी संभावनाशील है।

एसएमए के अध्यक्ष कुंजाग ग्याछो ने कहा है कि ताम्जे–फोदोंग–काबी लुंगचोक ट्रेल को एक-दिवसीय, दो-दिवसीय और तीन-दिवसीय ट्रेकिंग सर्किट के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर पैदा होंगे तथा क्षेत्र में टिकाऊ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि ट्रेल को सुरक्षित और पर्यटकों के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए वन विभाग के सहयोग से छोटे फुटब्रिज, मार्गों का रखरखाव, मानसून के दौरान अस्थायी आश्रय और निर्धारित कैंपिंग स्थलों जैसी सुविधाएं विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए परमिट प्रक्रिया को सरल बनाने पर भी जोर दिया।

एसएमए का सचिव प्रवीण खालिंग ने प्रेस बयान में कहा है कि ट्रेक के सफल आयोजन में सहयोग के लिए वन विभाग के नामेराकपम जसवंत, आईएफएस (वन्यजीव एवं वन संरक्षण), डीएफओ, सिक्किम पुलिस चेकपोस्ट, भारतीय सेना की 17 माउंटेन डिवीजन गान्तोक, ताम्जे क्षेत्र में तैनात भारतीय सेना, एमएआईएस, एसएमए तथा पर्यटन विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते है।

आयोजकों के अनुसार, जुलाई से सितम्बर तक का समय इस ट्रेल पर ट्रेकिंग के लिए विशेष रूप से उपयुक्त है। इस दौरान क्षेत्र की हरियाली, अल्पाइन वनस्पतियां और प्राकृतिक सौंदर्य ट्रेकर्स को आकर्षित करते हैं। एसएमए और एमएआईएस ने कहा कि संबंधित विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से ताम्जे–फोदोंग–काबी लुंगचोक ट्रेल को भविष्य में सिक्किम के प्रमुख इको-टूरिज्म और साहसिक पर्यटन स्थलों में विकसित किया जा सकता है।

SCROLL FOR NEXT