सिलीगुड़ी

भुतनी में घटा गंगा का जलस्तर, राहत कार्य तेज

अब भी कई इलाके जलमग्न, संपर्क व्यवस्था प्रभावित, उत्तर चंडीपुर में बनाया जा रहा जोनल राहत गोदाम

Irfan E Azam

मालदह : मानिकचक ब्लॉक के भुतनी में बाढ़ का पानी करीब तीन सेंटीमीटर घटा है, लेकिन अब भी कई इलाके जलमग्न और संपर्क से कटे हुए हैं। इस बीच बाढ़ प्रभावित लोगों तक जल्द राहत और चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। उत्तर चंडीपुर ग्राम पंचायत क्षेत्र में जोनल गोदाम तैयार किया जा रहा है। भुतनी ब्रिज से दुर्गम इलाकों तक पहुंचने में अधिक समय लगने के कारण इस गोदाम से गंगा के समीपवर्ती गांवों में तेजी से राहत सामग्री भेजी जाएगी। जिला प्रशासन के अनुसार, गोदाम में राहत सामग्री के साथ प्राथमिक चिकित्सा समेत सभी जरूरी सेवाओं की व्यवस्था की जा रही है। यहां 24 घंटे चिकित्सा सेवा उपलब्ध रहेगी। विभिन्न स्थानों पर अस्थायी शौचालय भी बनाए जा रहे हैं।

बिजलीविहीन इलाकों के लिए जनरेटर की व्यवस्था की गयी है। जिलाधिकारी राजनबीर सिंह कपूर ने बताया कि शनिवार से इन सेवाओं को शुरू किया जा रहा है। बाढ़ प्रभावित लोगों को दिन में दो बार पौष्टिक भोजन के रूप में अंडा, चावल, सब्जी और खिचड़ी दी जा रही है। बच्चों के लिए भी खाद्य सामग्री उपलब्ध करायी जा रही है। वहीं, भुतनी और रतुआ थाना क्षेत्रों के बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों को शिक्षा सामग्री और जरूरी किताबें उपलब्ध कराने का काम भी शुरू किया गया है। मालदह के डीआई मृण्मय राय ने बताया कि भुतनी और रतुआ मिलाकर लगभग 15 हाईस्कूल बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं।

कई विद्यार्थियों की किताबें और शिक्षा सामग्री नष्ट हो गयी हैं। पिछले गुरुवार से ही सौ से अधिक विद्यार्थियों को किताब, कॉपी, पेन और पेंसिल उपलब्ध करायी जा रही है। प्रशासन के अनुसार, भुतनी थाना क्षेत्र के हीरानंदपुर तथा उत्तर और दक्षिण चंडीपुर ग्राम पंचायतों के 60 से अधिक इलाके बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ उन्हें नियमित रूप से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। शनिवार को गंगा का जलस्तर और नहीं बढ़ा। जिलाधिकारी ने बताया कि जलस्तर करीब तीन सेंटीमीटर कम हुआ है।

SCROLL FOR NEXT