सिलीगुड़ी

501 किलो के लड्डू का महाभोग के साथ गणपति महोत्सव संपन्न

हजारों श्रद्धालुओं ने महायज्ञ में लिया भाग; आज निकलेगी विसर्जन यात्रा

Irfan E Azam

कालचीनी : सात दिनों तक भक्ति, आस्था और उत्साह से सराबोर रहा कालचीनी का मोदी लाइन इलाका रविवार को गणपति बप्पा की भव्य आराधना के साथ भक्तिमय हो उठा। सात दिवसीय गणपति महोत्सव के अंतिम दिन हवन महायज्ञ का आयोजन किया गया।

इस दौरान गणपति बप्पा को 501 किलो के लड्डू का महाभोग लगाया गया। सुबह से ही पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी और पूरे इलाके में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंजते रहे। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मोदी लाइन इलाके में गणपति महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया था। महोत्सव के अंतिम दिन विशेष पूजा-अर्चना के साथ हवन महायज्ञ आयोजित किया गया।

इसमें कालचीनी सहित आसपास के इलाकों और दूर-दराज से पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति देकर भगवान गणेश की आराधना की और सुख-समृद्धि की कामना की। महोत्सव का सबसे आकर्षक केंद्र रहा 501 किलो के लड्डू का भोग। आयोजकों के अनुसार, कालचीनी वासियों के सहयोग से इस विशेष भोग को तैयार किया गया था। पूजा स्थल पर लड्डू का भोग लगाए जाने के बाद श्रद्धालुओं में इसे लेकर खास उत्साह देखने को मिला।

पूजा कमेटी के आयोजक राकेश साह सोनार ने बताया कि गणपति महोत्सव के अंतिम दिन बप्पा को 501 किलो लड्डू का भोग लगाया गया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने में पूरे कालचीनी वासियों का सहयोग रहा है। सुबह से ही हवन महायज्ञ शुरू हुआ और इसके बाद आरती एवं पूजा-अर्चना के साथ सात दिवसीय महोत्सव का विधिवत समापन किया गया।

हालांकि, महोत्सव का समापन होने के बावजूद भक्तों की आस्था का उत्साह सोमवार को भी देखने को मिलेगा। सोमवार को भव्य शोभायात्रा के माध्यम से गणपति बप्पा को विदाई दी जाएगी। इसके लिए पूजा कमेटी की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं। आयोजक कमेटी ने सभी कालचीनी वासियों से ‘कालचीनी के महाराजा’ गणपति बप्पा की विदाई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और भक्ति के जयकारों के बीच बप्पा को विदाई देंगे। इसके साथ ही अगले वर्ष फिर से गणपति महोत्सव के आयोजन का इंतजार शुरू हो जाएगा।

SCROLL FOR NEXT