नदी के जलस्तर को देखते ग्रामीण  
सिलीगुड़ी

गदाधर नदी का टूटा तटबंध, बोरागाड़ी में बाढ़ का कहर, सैकड़ों परिवारों का संपर्क प्रभावित

अलीपुरदुआर: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और गदाधर नदी के उफान ने अलीपुरदुआर जिले के भाटीबाड़ी ग्राम पंचायत अंतर्गत बोरागाड़ी इलाके में एक बार फिर तबाही मचा दी है। नदी का तटबंध टूटने के बाद बाढ़ का पानी तेजी से गांव में प्रवेश कर गया, जिससे कई घर जलमग्न हो गए और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। गुरुवार सुबह राज्य सड़क पर तेज बहाव के साथ पानी बहने लगा। कुछ ही समय में बोरागाड़ी के 262 नंबर बूथ के पास सड़क में बड़ी दरार पड़ गई और करीब 15 फीट हिस्सा धंसकर पूरी तरह टूट गया। सड़क टूटने से इलाके का संपर्क प्रभावित हो गया है और ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद कई इलाकों में पानी का स्तर कम होना शुरू हुआ, लेकिन ग्रामीणों की मुश्किलें कम नहीं हुईं। मजबूरी में लोग कई फीट गहरे पानी को पार कर अपनी जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं। वहीं, मवेशियों और अन्य पशुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना भी ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा के पांच नंबर मंडल अध्यक्ष मतिलाल बर्मन मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद अलीपुरदुआर-2 ब्लॉक प्रशासन की टीम इंजीनियरों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया। प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही सड़क की मरम्मत कर आवागमन बहाल किया जाएगा। साथ ही नदी कटाव रोकने के लिए आपातकालीन स्तर पर काम शुरू करने की बात कही गई है। प्रभावित परिवारों के लिए सूखे खाद्य पदार्थों की व्यवस्था भी की गई है।

ग्रामीणों ने स्थायी समाधान के लिए गदाधर नदी पर मजबूत तटबंध निर्माण की मांग की

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि केवल सड़क की मरम्मत से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। उनका कहना है कि गदाधर नदी पर मजबूत और स्थायी तटबंध का निर्माण जरूरी है, क्योंकि हर साल बारिश के मौसम में मिट्टी का बांध टूटने से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इससे घर, खेती और सड़कें लगातार प्रभावित होती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्थायी तटबंध निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि यह समस्या वर्षों पुरानी है और अब इसका स्थायी समाधान जरूरी हो गया है। भाजपा नेता मतिलाल बर्मन ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण गांव में बाढ़ आई है और सड़क टूट गई है। प्रशासन जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू कर आवागमन सामान्य करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित कई परिवारों के घरों में खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है और जरूरतमंद लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT