रायगंज रेलवे स्टेशन  
सिलीगुड़ी

गाजोल–दालखोला रेल परियोजना का नया सर्वे शुरू

कालियागंज: गाजोल से रायगंज होते हुए दालखोला तक प्रस्तावित रेल परियोजना का नया सर्वे कार्य शुरू हो गया है। सर्वे पूरा होने के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है। इस परियोजना को लेकर प्रयासरत रायगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स और रायगंज मर्चेंट एसोसिएशन ने इस कदम का स्वागत किया है। रेल सूत्रों के अनुसार, पुराने ट्रैक पर ट्रेनों की गति लगभग 110 किमी प्रति घंटा तक सीमित थी, जबकि अब वंदे भारत जैसी तेज रफ्तार ट्रेनों के लिए 150 से 180 किमी प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड को ध्यान में रखते हुए नेटवर्क को अपग्रेड किया जा रहा है। इसी दिशा में इस परियोजना का नया सर्वे किया जा रहा है। सर्वे पूरा होते ही भूमि अधिग्रहण का काम शुरू होने की उम्मीद है। रायगंज विकास मंच के सदस्य द्वीपेन पाल ने कहा कि गाजोल–दालखोला रेल परियोजना लंबे समय से ठप पड़ी थी, जिससे उत्तर दिनाजपुर जिला विकास में पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के लोग कई स्तरों पर उपेक्षा का शिकार रहे हैं।

वहीं, रायगंज से वर्तमान में रेल यात्रा राधिकापुर–बारसोई होकर मालदह और फिर कोलकाता तक जाती है, लेकिन प्रस्तावित मार्ग बनने पर गाजोल और इटाहार होते हुए सीधा संपर्क स्थापित हो सकेगा। इससे यात्रा दूरी और समय दोनों में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है। रायगंज से मालदह की दूरी जहां सड़क मार्ग से लगभग 75 किमी है, वहीं वर्तमान रेल मार्ग लगभग 114 किमी का पड़ता है। प्रस्तावित मार्ग से यह दूरी काफी कम होने की उम्मीद जताई जा रही है। रायगंज मर्चेंट एसोसिएशन के महासचिव अतनु बंधु लाहा ने कहा कि यह रेल परियोजना उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में रायगंज के सांसद कार्तिक चंद्र पाल को भी अवगत कराया गया है। सांसद कार्तिक चंद्र पाल ने कहा कि यह परियोजना वर्षों से लंबित थी और अब नए सिरे से सर्वे के लिए टेंडर जारी किया गया है। उन्होंने आशा जताई कि जल्द ही इस पर काम शुरू होगा और क्षेत्र के रेल नेटवर्क का विस्तार होगा।

SCROLL FOR NEXT