इलाज कराते घायल व्यक्ति 
सिलीगुड़ी

तेंदुए के हमले में पूर्व पंचायत सदस्य घायल

Gayetri Yadav

अलीपुरदुआर: जंगल से सटे इलाकों में वन्यजीवों की आवाजाही के बीच तेंदुए के हमले की एक और घटना सामने आई है। अलीपुरदुआर जिले के कालचीनी ब्लॉक के कोदालबस्ती इलाके में मवेशी लेकर जा रहे पूर्व पंचायत सदस्य अजीत कुजूर पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कोदालबस्ती गांव जलदापाड़ा जंगल से सटा हुआ है। जंगल के करीब होने के कारण इलाके में अक्सर हाथी, तेंदुआ समेत अन्य वन्यजीवों की आवाजाही होती रहती है। बताया गया कि अजीत कुजूर अपने मवेशियों को लेकर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक जंगल की ओर से एक तेंदुआ निकलकर उनके सामने आ गया और उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले के कारण अजीत कुजूर को संभलने तक का मौका नहीं मिला। तेंदुए के हमले में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह उन्हें मौके से निकालकर इलाज के लिए कालचीनी के उत्तर लताबाड़ी ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की खबर फैलते ही कोदालबस्ती इलाके में दहशत का माहौल बन गया। जंगल से सटे गांवों में रहने वाले लोगों में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने के साथ ही लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

SCROLL FOR NEXT