गंगटोक : जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गंगटोक की ओर से सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से शनिवार शाम रिज पार्क में पहली बार 10 किलोमीटर रात्रि मैराथन का आयोजन किया गया। 18 सितंबर 2011 के भूकंप की स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा प्रबंधन के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और तैयारियों को मजबूत करना था। पुलिस महानिदेशक अक्षय सचदेवा ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मौके पर राज्य राहत आयुक्त-सह-सचिव रिनजिंग छेवांग भूटिया और विधायक-सह-सलाहकार डेले नामग्याल बरफुंगपा भी मौजूद रहे।
मैराथन रिज पार्क से शुरू होकर सचिवालय, डुकित पान दुकान, जीरो प्वाइंट, वज्र, ब्लैक कैट इंस्टीट्यूट और स्वास्तिक द्वार होते हुए हैप्पीनेस शॉप तक पहुंचा। इसके बाद प्रतिभागी इसी मार्ग से वापस रिज पार्क लौटे। पुरुष और महिला वर्ग में आयोजित प्रतियोगिता के दोनों विजेताओं को 10 हजार रुपये, प्रथम उपविजेता को 7 हजार और द्वितीय उपविजेता को 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। पुरुष वर्ग में पुरन राई प्रथम, फिरोज खत्री द्वितीय और इमरान अंसारी तृतीय रहे। महिला वर्ग में अंजली सुब्बा प्रथम, चंद्रकला शर्मा द्वितीय और प्रियदर्शिनी तृतीय स्थान पर रहीं।
पुलिस महानिदेशक अक्षय सचदेवा ने आयोजन के लिए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से फिटनेस के साथ युवाओं की भागीदारी और आपदा जागरूकता को बढ़ावा मिलता है। राज्य राहत आयुक्त रिनजिंग छेवांग भूटिया ने भी प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना की। मैराथन में सबसे उम्रदराज प्रतिभागी डी.टी. लेप्चा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। आयोजन में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, प्रतिनिधि और विद्यार्थी मौजूद रहे।