सिलीगुड़ी : नक्सलबाड़ी के रॉयपाड़ा इलाके में बुधवार को अचानक आग लगने से एक घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के समय घर में कोई मौजूद नहीं था।
जानकारी के अनुसार, जहांनारा खातून के परिवार के सदस्य रोज की तरह काम पर गए हुए थे। इसी दौरान बंद पड़े घर से आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। खबर मिलते ही नक्सलबाड़ी फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
दमकल कर्मियों के साथ स्थानीय लोगों ने भी आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। हालांकि, तब तक आग की चपेट में आने से पूरा घर जलकर राख हो चुका था। घर में रखा सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं भी आग में जल गईं।
घटना के बाद जहांनारा खातून के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर का सामान जलने से परिवार को काफी नुकसान हुआ है। हालांकि, आग की इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और संबंधित अधिकारियों की ओर से घटना की जांच की जा रही है।