नागराकाटा: जलपाईगुड़ी जिले के चार ब्लॉकों में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत दो वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को फाइलेरिया रोधी दवाएं दी जा रही हैं, जबकि गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को इससे बाहर रखा गया है। जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ नागराकाटा स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में किया गया, जिसमें सांसद डॉ. जयंत राय, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. असीम हलदार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2030 तक फाइलेरिया उन्मूलन का लक्ष्य रखा गया है और इसके तहत उत्तर बंगाल के कई जिलों में यह अभियान चलाया जा रहा है। जलपाईगुड़ी जिले में लगभग 10 लाख लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य है।नागराकाटा के अलावा मालबाजार, बानरहाट और मेटेली ब्लॉकों में भी अभियान की शुरुआत की गई। साथ ही विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को फाइलेरिया से बचाव, स्वच्छता और मच्छर नियंत्रण के प्रति जागरूक किया गया।