सिलीगुड़ी

निर्माण कंपनी के गोदाम में लगी भीषण आग

सिलीगुड़ी : फूलबाड़ी के सिपाही पाड़ा इलाके में मंगलवार को एक निर्माण कंपनी के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने गोदाम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घनी आबादी के बीच गोदाम होने के कारण स्थानीय लोगों को आग के आसपास स्थित घरों तक फैलने की आशंका सताने लगी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि, काफी प्रयास के बावजूद आग पर तत्काल नियंत्रण नहीं पाया जा सका। इसके बाद दूसरी दमकल गाड़ी को भी मौके पर बुलाया गया। दोनों दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। लोगों का आरोप है कि यदि शुरुआती समय में ही आग पर प्रभावी तरीके से नियंत्रण पा लिया जाता, तो गोदाम में हुए नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि गोदाम से उठता घना काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। भीड़ को नियंत्रित करने और स्थिति को संभालने के लिए एनजेपी थाने से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कंपनी के गोदाम में अग्निशमन व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि इतने बड़े गोदाम में पर्याप्त फायर सेफ्टी इंतजाम होने चाहिए थे। लोगों का कहना है कि यदि वहां पर्याप्त अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा व्यवस्था मौजूद रहती, तो आग को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित किया जा सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से हुए कुल नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। मामले की जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह और नुकसान की पूरी तस्वीर सामने आएगी।

SCROLL FOR NEXT