कालचीनी : अलीपुरदुआर जिले के राजाभात चाय बागान इलाके में पिछले कई दिनों से फैले डर और दहशत से आखिरकार लोगों को थोड़ी राहत मिल गई है। इलाके में लगातार देखे जा रहे एक तेंदुए को वन विभाग ने सफलतापूर्वक पकड़ लिया है, जिससे चाय बागान के श्रमिकों और स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है। बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से इस क्षेत्र में तेंदुआ की गतिविधियां लगातार देखी जा रही थीं। कभी बागान के भीतर तो कभी रिहायशी इलाकों के पास उसकी मौजूदगी से लोग बेहद भयभीत थे। हालात ऐसे हो गए थे कि श्रमिकों को जान जोखिम में डालकर काम करना पड़ रहा था। सुबह-शाम का समय तो खासतौर पर खौफनाक बन गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने इलाके में पिंजरा लगाया था। कई दिनों की निगरानी के बाद आखिरकार शुक्रवार की सुबह वह तेंदुआ उसी पिंजरे में फंस गया। जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, इलाके में व्यापक सनसनी फैल गई।
वनकर्मियों ने सुरक्षित तरीके से तेंदुए को अपने कब्जे में लिया
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना बक्सा टाइगर रिजर्व के वन अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने सुरक्षित तरीके से तेंदुए को अपने कब्जे में लिया और उसे जंगल में ले जाने की प्रक्रिया शुरू की। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अब सामान्य स्थिति लौटने लगी है। लंबे समय से डरे हुए लोगों के चेहरे पर अब थोड़ी राहत देखी जा सकती है। इस विषय पर श्रमिकों ने कहा कि लंबे समय से हमारे चाय बागान में तेंदुआ का उत्पात काफी बढ़ गया था, आए दिन आक्रमण की घटनाएं भी होती रहती है। डर के मारे श्रमिक काफी घबरा कर काम करते हैं। पिंजरे में एक तेंदुआ के पास जाने से थोड़ी राहत तो मिली है |