Photos of Siliguri District Hospital----  
सिलीगुड़ी

सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में शुरू हुई इवनिंग ओपीडी सेवा

सिलीगुड़ी : आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिलीगुड़ी जिला अस्पताल प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। अस्पताल में औपचारिक रूप से इवनिंग ओपीडी (आउट पेशेंट डिपार्टमेंट) सेवा की शुरुआत कर दी गई है। इस नई व्यवस्था के तहत अब मरीजों को शाम के समय भी चिकित्सकीय परामर्श मिल सकेगा। उद्घाटन कार्यक्रम में सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देब सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

दार्जिलिंग जिले के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी की पहल पर शुरू की गई इस सेवा का उद्देश्य स्वास्थ्य सुविधाओं को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाना है। अब तक ओपीडी सेवा दोपहर 2 बजे तक ही उपलब्ध रहती थी, जिससे दूर-दराज से आने वाले मरीजों और कामकाजी लोगों को काफी परेशानी होती थी। कई लोग समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते थे और उन्हें इलाज के लिए अगले दिन का इंतजार करना पड़ता था।

सुबह की ओपीडी में लंबे समय से अत्यधिक भीड़ देखी जा रही थी। मरीजों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता था, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार लोगों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। नई इवनिंग ओपीडी सेवा शुरू होने से इस दबाव में कमी आने की उम्मीद है और मरीजों को अधिक व्यवस्थित तरीके से इलाज मिल सकेगा। इस संबंध में दार्जिलिंग जिले के सीएमओएच तुलसी प्रमाणिक ने बताया कि अब ओपीडी शाम 4 बजे तक खुली रहेगी। इससे दोपहर बाद भी मरीज डॉक्टरों से परामर्श ले सकेंगे और आवश्यक जांच व दवाइयों की सुविधा प्राप्त कर पाएंगे।

मेयर गौतम देव ने कहा कि यह कदम पूरी तरह आम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर उठाया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि मरीजों की संख्या और जरूरत बढ़ती है तो भविष्य में ओपीडी के समय को और आगे बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा। इस पहल से सिलीगुड़ी और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

SCROLL FOR NEXT