सिलीगुड़ी

उद्यमिता के सितारे ''आरोहन हीरोज-2'' से पुरस्कृत

सिलीगुड़ी : प​श्चिम बंगाल राज्य के पूर्व मुख्य सचिव अवकाश प्राप्त आईएएस अ​धिकारी राजीव सिन्हा के ''राजीव सिन्हा फाउंडेशन'' की ओर से शनिवार शाम शहर के सिंक्लेयर्स होटल में उद्यमिता पुरस्कार समारोह ''आरोहन हीरोज-2'' का आयोजन किया गया। इसमें सिलीगुड़ी व आसपास समेत उत्तर बंगाल के उन उद्यमियों को पुरस्कृत किया गया जिन्होंने तमाम चुनौतियों को झेलते हुए जमीन से आसमान तक का सफर तय कर उद्यमिता के क्षेत्र में अपनी वि​शिष्ट पहचान बनाई है। ऐसे वि​शिष्ट उद्यमियों को कंफेडेरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज (सीआईआई-उत्तर बंगाल) के भूतपूर्व चेयरमैन व जाने-माने उद्यमी संजीत साहा, ऑर्किड उत्पादन में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी खास पहचान बनाने वाले उद्यमी प्रशांत चौधरी व चाय जगत की नामी हस्ती लक्ष्मी लिम्बू कौशल की मौजूदगी में ट्रॉफी प्रदान कर फाउंडेशन के चेयरमैन राजीव सिन्हा ने अपने हाथों से पुरस्कृत किया व उन्हें वर्तमान पीढ़ी के लिए बड़ी प्रेरणा करार दिया।

इसमें प्रेरक उद्यमियों के बतौर पुरस्कृत हुए उद्यमियों में सीए संजय गोयल (बंगाल में ऑफिस स्पेस कल्चर को बदलने हेतु), उत्तम कुमार साहा (बंगाल के दूसरा सबसे बड़े ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड ''ड्रॉप्स'' का औद्योगिक साम्राज्य खड़ा करने हेतु), देबानंद घोष (14 साल की कम उम्र में ही बिज़नेस का सफ़र शुरू कर 200 करोड़ का बड़ा एंटरप्राइज़ खड़ा कर स्टील बिज़नेस के बड़े टाइकून बन 400 कर्मचारियों को नौकरी देने हेतु), अमल मंडल (कैंसर को भी मात देकर जापान से प्र​शिक्षण लेकर स्टील बनाने हेतु), उमंग मित्तल (उत्तर बंगाल में बड़े-बड़े नेशनल व इंटरनेशनल ब्रांड्स लाने हेतु), बिल्पब घोष (ज्वेलरी के क्षेत्र में उद्यमिता की मिसाल हेतु), मन्ना चौधरी (एंटरप्रेन्योरशिप में 35 साल में कई उपल​​ब्धियां अर्जित करने हेतु) शामिल रहे।

इनके साथ ही सचिन अग्रवाल (होटल व्यवसाय में वि​शिष्ट उपल​ब्धियों हेतु), जगदीश कुमार (कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री की रीढ़ बनने हेतु), तृप्ति पारिख (चाय पैकेजिंग इंडस्ट्री में उत्तर बंगाल की एकमात्र सफल महिला होने हेतु) बिक्रम राय (सिटोंग में इको-टूरिज़्म व होम-स्टे में नवाचार हेतु), मोहनीश लामा (पहाड़ की तीखी मिर्च डल्ले के कारोबार को राष्ट्रीय फलक पर ले जाने हेतु), संजुक्ता बोस (''संडे हाट'' के ज़रिये हज़ारों ग्रामीण उद्यमियों की आजीविका को संबल देने हेतु), हिमांशु गोयल (पिज़्ज़ा हट डिलीवरी बॉय और डोर-टू-डोर मार्केटर से सफल उद्योगपति बनने हेतु), व राहुल गुप्ता (इंस्पीरिया नॉलेज कैम्पस के माध्यम से उत्तर बंगाल में शिक्षा के क्षेत्र को नवाचार प्रदान करने हेतु) पुरस्कृत हुए। इस पुरस्कार समारोह का सफल संचालन युवा उद्यमी रागिनी गोयल ने किया। इस अवसर पर चाय जगत की नामी हस्ती लक्ष्मी लिम्बु कौशल व अन्य कई उद्यमी, समाजसेवी व आम लोग उपस्थित रहे।

SCROLL FOR NEXT